नई दिल्ली: Share market closing: भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स ने आज यानी 15 नवंबर को भारी उतार-चढ़ाव वाले कारोबारी सत्र में सकारात्मक नोट पर कारोबार का अंत किया. आज के कारोबार में सेंसेक्स 248.84 अंक यानी 0.40% बढ़कर 61,872.99 पर और निफ्टी 74.20 अंक यानी 0.40 फीसदी की तेजी के साथ 18,403.40 के स्तर पर बंद हुआ. अगर बात सेक्टोरियल इंडेक्स की करें तो आज ऑटो, तेल और गैस सहित बैंकिंग सेक्टर में 0.5-1 फीसदी की तेजी देखी गई. वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स का कारोबार सपाट नोट पर समाप्त हुआ. आज लगभग 1582 शेयरों में तेजी दर्ज हुई है तो वहीं 1814 शेयरों में गिरावट आई है. इसके अलावा 120 शेयरों में आज कोई बदलाव नहीं देखा गया है.
पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और डॉ रेड्डीज लैबोरेट्रीज आदि निफ्टी के शीर्ष लाभार्थियों में शामिल रहे. वहीं, आज कोल इंडिया, एचडीएफसी लाइफ, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, सिप्ला और बजाज फिनसर्व को नुकसान हुआ है. इन कंपनियों के शेयरों नें अपने निवेशकों को भारी नुकसान कराया है.
सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद इन शेयरों में भारी हलचल
सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद आज कई कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है. एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट का सितंबर में समाप्त तिमाही में शुद्ध घाटा बढ़कर 837.8 करोड़ रुपये हो गया.जिससे आज कंपनी के शेयरों में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई. यह शेयर आज 38.85 के स्तर पर बंद हुआ. इसके अलावा एनएमडीसी ने सितंबर वित्त वर्ष 2023 को समाप्त तिमाही के लिए 885.7 करोड़ रुपये के लाभ में 62% की साल-दर-साल गिरावट दर्ज की. जिससे आज इसका शेयर 4.58 फीसदी लुढ़ककर 108.35 के लेवल पर आ गया.
दूसरी तरफ, कई ऐसे भी शेयर हैं जिन्होंने बेहतर सितंबर तिमाही नतीजे के बाद आज तेज छलांग लगाई है. ऐसे ही शेयर में ओएनजीसी का नाम भी शामिल है. सितंबर तिमाही में लाभ में 30 फीसदी की गिरावट दर्ज करने के बाद इसके शेयरों में 2.6 फीसदी की तेजी देखी गई और यह 143 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
भारतीय रुपया 16 पैसे बढ़कर 81.10 प्रति डॉलर पर बंद
इसके अलावा आज भारतीय रुपया 81.26 के पिछले बंद के मुकाबले 16 पैसे बढ़कर 81.10 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. पिछले कारोबारी सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे की भारी गिरावट के साथ 81.28 के भाव पर बंद हुआ था.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)