शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 107 अंक और चढ़कर बंद हुआ

शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 107 अंक और चढ़कर बंद हुआ

मुंबई:

बाजार में आज लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स करीब 107 अंक की बढ़त के साथ दो माह के उच्च स्तर 27,247.16 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26 अंक सुधर कर 8,400 के स्तर से उपर निकल गया.

वृहत आर्थिक आंकड़े आज आने से पहले बिजली, आईटी तथा बैंक शेयरों की अगुवाई में यह तेजी आयी। इसके अलावा, कंपनियों के वित्तीय परिणाम की शुरूआत बेहतर रहने से भी घरेलू बाजार धारणा को बल मिला. आईटी कंपनी टीसीएस का शुद्ध लाभ तीसरी तिमाही में 10.9 प्रतिशत बढ़कर 6,778 करोड़ रुपये होने की खबर से निवेशक उत्साहित रहें. टीसीएस शेयर 0.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,343.30 पर पहुंच गया।

बजाज कार्प का शेयर 1.36 प्रतिशत बढ़कर 376.34 रुपये पर रहा. कंपनी का एकल आधार पर शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में 17.19 प्रतिशत बढ़कर 57.79 करोड़ रुपये रहा.

तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ 27,171.66 अंक पर खुला और एक समय 27,278.93 के उच्च स्तर पर चला गया। अंत में यह 106.75 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 27,247.16 अंक पर बंद हुआ. इससे पहले, सेंसेक्स पिछले दो कारोबारी सत्रों में 413.86 अंक मजबूत हुआ था. नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26.55 अंक या 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,407.20 अंक पर बंद हुआ. एक समय यह 8,417.20 अंक तक चला गया था.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com