आज वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच प्रमुख भारतीय बेंचमार्क सूचकांक सकारात्मक नोट पर बंद हुआ.
नई दिल्ली: वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी, धातु और वित्तीय शेयरों में भारी लिवाली के चलते शुक्रवार को प्रमुख भारतीय शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब दो प्रतिशत का उछाल आया. इसको लेकर कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में मुद्रास्फीति के आंकड़े अनुमान से कम रहने से भी बाजार में तेजी देखने को मिली है. इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती और विदेशी पूंजी के प्रवाह से बाजार धारणा और मजबूत हुई है. अमेरिकी मुद्रास्फीति में नरमी ने इन अटकलों को तेज कर दिया कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी की रफ्तार को धीमा कर सकता है.
आज के कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,181.34 अंक या 1.95 प्रतिशत बढ़कर 61,795.04 पर बंद हुआ. वहीं, उतार-चढ़ाव वाले सत्र में सेंसेक्स 61,840.97 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया जबकि कारोबार के अंत में 61,311.02 अंक के निचले स्तर तक आया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 321.50 अंक या 1.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,349.70 पर बंद हुआ. सेंसेक्स में सबसे अधिक 5.84 प्रतिशत की तेजी एचडीएफसी में हुई. इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टीसीएस, विप्रो, टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज तेजी दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे.
वहीं, दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई, कोटक बैंक, डॉ रेड्डीज, आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी में गिरावट आई है. व्यापक बाजारों में बीएसई स्मॉलकैप 0.15 प्रतिशत और मिडकैप 0.33 प्रतिशत चढ़ा है.
अगर अन्य एशियाई बाजारों की बात करें तो हांगकांग का हैंगसेंग 7.70 प्रतिशत, जापान का निक्की 2.98 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 3.37 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.69 प्रतिशत चढ़ा है. इसके अलावा यूरोपीय बाजार भी दोपहर के सत्र में लाभ में थे. अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया शुक्रवार को 62 पैसे की तेजी के साथ 80.78 पर बंद हुआ.
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.37 प्रतिशत बढ़कर 95.89 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया. शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को शुद्ध रूप से 36.06 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)