बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 364 अंक चढ़कर बंद हुआ

बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 364 अंक चढ़कर बंद हुआ

प्रतीकात्मक फोटो

मुंबई:

बजट के बाद बाजार में गुरुवार को तीसरे दिन बढ़त जारी रही है और बीएसई सेंसेक्स 364 अंक की मजबूती के साथ एक महीने के उच्च स्तर 24,607 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ सतत लिवाली से बाजार में मजबूती आयी।

अमेरिका में रोजगार के बेहतर आंकड़ें तथा जिंसों में मजबूती से कल शेयर बाजार में तेजी के बाद अधिकतर एशियाई बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। यूरोप के ज्यादातार बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7,400 अंक पर फिर से पहुंच गया।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट में राजकोषीय अनुशासन को बनाये रखा और राजकोषीय घाटे को 2016-17 में जीडीपी के 3.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है।

इसको देखते हुए रिजर्व बैंक द्वारा अब नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद में लिवाली गतिविधियां देखी जा रही है। एक निजी सर्वे के अनुसार नये ऑर्डर की वृद्धि में नरमी के बीच सेवा क्षेत्र की गतिविधियां तीन महीने के न्यूनतम स्तर पर आ गयी हैं। इससे भी, नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद बढ़ी है।

30 शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 364.01 अंक या 1.50 प्रतिशत की तेजी के बाद 24,606.99 अंक पर बंद हुआ। आठ फरवरी के बाद यह उच्चतम स्तर है। इससे पहले, पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स 1,241 अंक मजबूत हो चुका था। एनएसई निफ्टी भी 106.75 अंक या 1.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,457.60 अंक पर बंद हुआ।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार पाचवें दिन मजबूत हुआ और कारोबार के दौरान 67.28 पर पहुंच गया। इससे भी धारणा को बल मिला।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में 26 लाभ में तथा शेष नुकसान में रहे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

टाटा स्टील, एल एंड टी, भेल, डॉ रेड्डी, गेल, अदाणी पोर्ट, टीसीएस, एक्सिस बैंक तथा सन फार्मा में मजबूती देखी गयी। वहीं दूसरी तरफ आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, एनटीपीसी, मारति सुजुकी नुकसान में रहे।