मुंबई: अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा जून में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना के बीच विदेशी कोषों की निकासी से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 72 अंक से अधिक टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। लगातार चौथे दिन सेंसेक्स नीचे आया है। जिंस कीमतों में नरमी से वैश्विक बाजारों में कमजोरी की रुख रहा, जिससे यहां भी निवेशकों ने सतर्कता बरती। कारोबार के अंतिम पहर में मुनाफावसूली से बाजार का नुकसान और बढ़ गया।
मई माह के डेरिवेटिव्स अनुबंधों का निपटान गुरुवार को होना है। इससे निवेशकों ने सौदे घटाए हैं, जिसकी वजह से यहां धारणा प्रभावित हुई। अमेरिका में फेडरल रिजर्व की खुलेबार की क्रियाओं पर निर्णय करने वाली समिति (एफओएमसी) की बैठक की कार्यवाही के विवरणों से यह संकेत मिलता है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक जून की शुरुआत में अपने नीतिगत रुख को कड़ा कर सकता है, जिसकी वजह से निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। भारत में मॉनसून की संभावनाओं पर भी निवेशकों की निगाह है।
गिरावट के रुख के बीच सोमवार को आईटीसी के शेयर का प्रदर्शन शानदार रहा। उम्मीद से बेहतर नतीजों से कंपनी का शेयर 5.29 प्रतिशत चढ़ गया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लाभ के साथ खुलने के बाद मुनाफावसूली से नकारात्मक दायरे में चला गया। अंत में यह 71.54 अंक या 0.28 प्रतिशत के नुकसान से 25,230.36 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स में 478 अंक की गिरावट दर्ज हुई थी।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 18.65 अंक या 0.24 प्रतिशत के नुकसान से 7,731.05 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 7,820.60 से 7,722.20 अंक के दायरे में रहा।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में नुकसान रहा। टाटा स्टील, ल्यूपिन, ओएनजीसी, सिप्ला, बजाज ऑटो, एचडीएफसी तथा टीसीएस नीचे आए। वहीं अडाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोल इंडिया और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाभ के साथ बंद हुए। विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में पूंजीगत सामान में 0.91 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा, आईटी और रीयल्टी खंड में भी गिरावट आई।
बीएसई स्मालकैप में 0.38 प्रतिशत तथा मिडकैप में 0.29 प्रतिशत की गिरावट आई।
अस्थायी आंकड़ों के अनुसार बीते शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने शुद्ध रूप से 743.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)