रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने गेंद सरकार के पाले में डालते हुए कहा कि ब्याज दरों में और कटौती आगामी बजट में सुधारों के अलावा वृहद आर्थिक कारकों पर निर्भर करेगी। केंद्रीय बैंक ने 2015 में रेपो दर में 1.25 प्रतिशत की कटौती की थी। मौद्रिक समीक्षा में उसने रेपो दर को 6.75 प्रतिशत पर कायम रखा।
इसके अलावा रुपया 14 पैसे टूटकर 67.98 प्रति डॉलर पर आ गया। इसका असर भी घरेलू बाजार पर पड़ा। जियोजित बीएनपी परिबा के बुनियादी शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, बाजार इस घोषणा को हजम कर चुका था, जो उम्मीदों के अनुरूप थी। लेकिन कच्चे तेल की कीमतें और नीचे आने से यूरोप में जो गिरावट आई, उसका यहां बाजार पर असर पड़ा।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रुख के साथ 24,868.21 अंक पर खुलने के बाद दिन के उच्चस्तर 24,928.75 अंक तक गया। केंद्रीय बैंक द्वारा छठी द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा में नीतिगत दरों पर यथास्थिति कायम रखने से सेंसेक्स नीचे आ गया। अंत में सेंसेक्स 285.83 अंक या 1.15 प्रतिशत के नुकसान से 24,539 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7,500 अंक से नीचे आया। यह 100.40 अंक या 1.33 प्रतिशत के नुकसान से 7,455.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 7,428.05 से 7,576.30 अंक के दायरे में रहा।
विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में धातु में सबसे अधिक 4.33 प्रतिशत का नुकसान रहा। तेल एवं गैस में 2.59 प्रतिशत, बुनियादी ढांचा में 2.50 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा में 2.46 प्रतिशत, पीएसयू में 2.45 प्रतिशत, बिजली में 2.42 प्रतिशत, रीयल्टी में 1.71 प्रतिशत, बैंकिंग में 1.68 प्रतिशत तथा वाहन में 1.39 प्रतिशत की गिरावट आई। तेल कीमतों में और गिरावट आने से ज्यादातर एशियाई बाजार नुकसान के साथ बंद हुए। हालांकि चीन के बाजार में 2.26 प्रतिशत की बढ़त रही। हांगकांग, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया तथा ताइवान के बाजार 0.32 से 0.89 प्रतिशत के नुकसान में रहे।
यूरोपीय बाजार भी शुरुआती कारोबार में नीचे चल रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 25 में नुकसान रहा। टाटा स्टील में 7.18 प्रतिशत, एनटीपीसी में 4.28 प्रतिशत, सनफार्मा में 4.12 प्रतिशत, भेल में 3.99 प्रतिशत, सिप्ला में 3.98 प्रतिशत, ओएनजीसी में 3.60 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स में 3.42 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.02 प्रतिशत, कोल इंडिया में 2.92 प्रतिशत, टाटा मोटर्स में 2.56 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.54 प्रतिशत तथा एसबीआई में 2 प्रतिशत का नुकसान रहा। एमएंडएम, मारुति सुजुकी तथा गेल इंडिया के शेयरों में भी नुकसान रहा। वहीं दूसरी ओर भारती एयरटेल में 1.92 प्रतिशत, बजाज ऑटो में 1.48 प्रतिशत और इंफोसिस में 0.30 प्रतिशत का लाभ रहा।