खास बातें
- भारतीय और पाकिस्तान के बीच चण्डीगढ़ में खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले शहर के सभी होटल पूरी तरह से 'हाउसफुल' हो चुके हैं।
चण्डीगढ़: भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान के बीच चण्डीगढ़ में 30 मार्च को खेले जाने वाले आईसीसी विश्व कप-2011 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले शहर के आसपास के सभी होटल पूरी तरह से 'हाउसफुल' हो चुके हैं। मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में खेले जाने वाले इस सेमीफाइनल मुकाबले के लिए लोगों में काफी उत्साह है और यहां के सभी बड़े होटल 29 और 30 मार्च के लिए बड़े स्तर पर आरक्षित हो चुके हैं। मोहाली यहां से 10 किलोमीटर की दूरी पर है इसलिए सभी दर्शक यहां के होटल में कमरे तलाश रहे हैं। चण्डीगढ़ के नामी गिरामी होटलों ताज और माउन्ट व्यू में आधे से ज्यादा कमरे खेल टीमों, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीई), पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के अधिकारियों के लिए आरक्षित हैं। चण्डीगढ़ औद्योगिक और पर्यटन विकास निगम (सीआईटीसीओ) के महाप्रबंधक अरविंद मल्होत्रा ने बताया, "हमने पीसीए अधिकारियों के लिए माउन्ट व्यू में 120 से अधिक कमरे तथा शिवालिक व्यू में 70 कमरों की व्यवस्था की है।" मल्होत्रा ने कहा, "इसके अलावा 15 प्रतिशत कमरे हमारे नियमित कॉरपोरेट ग्राहकों के लिए आरक्षित हैं। इनमें से अधिकतर कमरे दो तीन महीने पहले ही बुक हो चुके हैं।" मल्होत्रा ने कहा कि कुछ ऐसी ही स्थिति होटल ताज की भी है जहां दोनों टीमें ठहरेंगी। इस होटल के 70 फीसदी कमरे विश्व कप की शुरुआत में ही आरक्षित हो चुके थे।