यह ख़बर 05 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

एसबीआई की रेटिंग घटने से बैंकों के शेयरों में गिरावट

खास बातें

  • अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज इंवेस्टर सर्विस द्वारा देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई की रेटिंग घटाए जाने के बाद बीएसई में बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
मुम्बई:

अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज इंवेस्टर सर्विस द्वारा देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआई) की रेटिंग घटाए जाने के बाद बुधवार को बम्बई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) में बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। एसबीआई की रेटिंग घटाने से देश के बड़े बैंकों की सेहत की चिंताओं के मद्देनजर बुधवार को शेयर बाजार खुलते ही बैंकिंग के 12 शेयरों में 0.20 फीसदी से 2.96 फीसदी की गिरावट देखी गई हालांकि बाद में कारोबार के दौरान कई बैंकों के शेयरों में रिकवरी देखी गई।    एसबीआई के शेयरों में लगातार दूसरे दिन बुधवार को गिरावट दर्ज की गई। एसबीआई के शेयर एक समय 1708.55 रुपये के निचले स्तर पर चला गया जो अंत में कुल 4.1 फीसदी की गिरावट के साथ 1715.30 पर बंद हुआ। बुधवार को कारोबार के दौरान एसबीआई का शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर तक पहुंच गया था। अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज इंवेस्टर सर्विस ने मंगलवार को एसबीआई की 'वित्तीय मजबूती रेटिंग' को 'सी' से घटाकर 'डी+' कर दिया था। पूंजी सम्बंधी चिंताओं और परिसंपत्तियों की खराब गुणवत्ता के कारण बैंक की रेटिंग कम की गई है। एजेंसी ने बैंक की 'हाइब्रिड कर्ज रेटिंग' को भी 'बीए2' से घटाकर 'बीए3' कर दिया है। देश का सबसे बड़ा निजी बैंक आईसीआईसी बैंक 2.72 फीसदी की गिरावट के साथ 778.95 रुपये पर बंद हुआ। आईसीआईसी बैंक के शेयर ने बुधवार को कारोबार के दौरान 52 सप्ताह के निचले स्तर 776.10 रुपये को भी छुआ। इसके साथ ही एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 2.65 फीसदी की गिरावट आई। बैंकिंग सूचकांक 2.52 फीसदी की गिरावट के साथ 9961.54 अंक पर बंद हुआ जो कि पिछले दो साल का सर्वाधिक निचला स्तर है। उल्लेखनीय है कि देश के शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 72.45 अंकों की गिरावट के साथ 15792.41 पर जबकि निफ्टी 20.85 अंकों की गिरावट के साथ 4751.30 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com