खास बातें
- एसएंडपी ने कहा है कि वाशिंगटन में जारी राजनीतिक टकराव के कारण अमेरिका की रेटिंग और कम की जा सकती है।
वाशिंगटन: अमेरिका की साख रेटिंग 'एएए' से कम कर 'एए+' किए जाने के दो दिन बाद साख रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (एसएंडपी) ने कहा है कि वाशिंगटन में जारी राजनीतिक टकराव के कारण अमेरिका की रेटिंग और कम की जा सकती है। एसएंडपी के प्रबंध निदेशक जॉन चैम्बर्स ने रविवार को एबीसी से कहा, "यदि अमेरिका की वित्तीय स्थिति आगे और खराब होती है या राजनीतिक टकराव और बढ़ता है तो रेटिंग और कम की जा सकती है।" व्हाइट हाउस द्वारा अमेरिका की रेटिंग कम किए जाने को एसएंडपी के गलत विश्लेषण का परिणाम बताए जाने को चैम्बर्स ने खारिज कर दिया। चैम्बर्स ने कहा, "हम पिछले कुछ समय से कह रहे हैं कि अमेरिका का वित्तीय वक्र रेखा गलत रास्ते पर है और वाशिंगटन में जारी राजनीतिक टकराव ने हमें इस नतीजे पर पहुंचने के लिए मजबूर किया है कि नीति निर्माताओं में अमेरिका के सार्वजनिक खर्च में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी करने की योग्यता नहीं है।" एसएंडपी के प्रमुख ने यह भी कहा कि अमेरिका को शीर्ष रेटिंग 'एएए' को फिर से पाने के लिए कई वर्ष लग जाएंगे। उन्होंने कहा, "ठीक है, यदि इतिहास एक मार्गदर्शक है तो इसमें समय लगेगा। हमारे पास ऐसी पांच सरकारों की सूची है जिसने 'एएए' रेटिंग दोबारा हासिल किया है। इसके लिए देशों को नौ से 18 वर्ष तक के समय लगे हैं।" उन्होंने कहा कि एजेंसी की चिंता वित्तीय और राजनीतिक दोनों पक्षों को लेकर है।