यह ख़बर 19 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

RIL का बाजार पूंजीकरण 3 लाख करोड़ से नीचे

खास बातें

  • कैग की रिपोर्ट के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में 24,750 करोड़ रुपये की तेज गिरावट आई और यह 2,84,297.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
मुंबई:

नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में 24,750 करोड़ रुपये की तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 2,84,297.66 करोड़ रुपये पर आ गया। कैग की रिपोर्ट में पेट्रोलियम मंत्रालय एवं डीजीएच पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का पक्ष लिए जाने की बात कही गई है। आलोच्य सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण घटकर 3 लाख करोड़ रुपये से नीचे चला गया, जबकि इस दौरान इसका शेयर भाव 8 फीसदी तक घटकर 868.40 रुपये पर आ गया। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रपट के बाद कंपनी के शेयर दबाव में आ गए। कैग ने कहा है कि पेट्रोलियम मंत्रालय और डीजीएच ने कंपनी का पक्ष लिया और केजी-डी6 तेल क्षेत्र को विकसित करने के खर्च पर गलत जानकारी दी। हालांकि कंपनी ने इन खबरों का खंडन किया है। समीक्षाधीन सप्ताह में कोल इंडिया के बाजार पूंजीकरण में 6,411.1 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और यह 2,48,927.75 करोड़ रुपये पर आ गया। तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण 1,539.99 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 2,26,805.77 करोड़ रुपये रह गया। इसी प्रकार सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस और इंफोसिस टेक्नॉलजीज का बाजार पूंजीकरण भी सम्मलित रूप से 20,876.16 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 2,17,347.06 करोड़ और 1,58,715.26 करोड़ रुपये पर आ गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com