यह ख़बर 15 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई के चलते दरों में और वृद्धि का संकेत

खास बातें

  • केंद्रीय बैंक ने संकेत दिया है कि वह अपनी मध्य तिमाही मौद्रिक नीति समीक्षा में महंगाई पर अंकुश के लिए रेपो दर में और वृद्धि कर सकता है।
मुंबई:

भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि आगामी महीनों में महंगाई की ऊंची दर बनी रहेगी। इसके साथ ही केंद्रीय बैंक ने संकेत दिया है कि वह गुरुवार को अपनी मध्य तिमाही मौद्रिक नीति समीक्षा में महंगाई पर अंकुश के लिए रेपो दर (जिस दर पर वह बैंकों को अल्पकालिक उधार देता है) में और वृद्धि कर सकता है। रिजर्व बैंक के गवर्नर डी सुब्बाराव ने केंद्रीय बैंक की वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट में प्रस्तावना में कहा है, वैश्विक स्तर पर जिंसों के दाम खास कर तेल की कीमतें और मानसून का प्रदर्शन आगामी महीनों में महंगाई के प्रबंधन में प्रमुख जोखिम वाले तत्व होंगे। ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल मुद्रास्फीति मई माह में बढ़कर 9.06 फीसद हो गई है। रिजर्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई पर ऊपर की ओर जाने का दबाव बना रहेगा। विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि केंद्रीय बैंक 16 जून को मध्य तिमाही समीक्षा में महत्वपूर्ण दरों में कम से कम चौथाई प्रतिशत की वृद्धि करेगा। रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (पीएमईएसी) के चेयरमैन सी रंगराजन ने भी कहा है, मुझे लगता है कि केंद्रीय बैंक को महंगाई के मसले को ज्यादा गंभीरता से देखना होगा और कदम उठाना होगा। उसे यह निर्णय करना होगा कि महंगाई की ऊंची दर के मद्देनजर क्या कदम उठाए जाएं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com