मुंबई:
रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने सोमवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की दूसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 1.5 फीसदी अधिक 5,490 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले वर्ष की समान तिमाही यानी, जुलाई-सितंबर 2012 में 5,409 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने यह भी कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की पहली छमाही में उसका शुद्ध लाभ 9.4 फीसदी अधिक 10,842 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले समान अवधि में 9,912 करोड़ रुपये था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, "हमारे विविधतायुक्त और एकीकृत पेट्रोकेमिकल कारोबार में सभी खंडों में लाभ दर्ज किया गया और घरेलू अर्थव्यवस्था में सुस्ती के बाद भी लगभग रिकार्ड लाभ दर्ज किया।"
अंबानी के मुताबिक कंपनी के खुदरा कारोबार ने पहली छमाही में 41 फीसदी विकास दर्ज किया।
आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय 14.2 फीसदी अधिक 1,06,523 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 93,266 करोड़ रुपये थी।
पहली छमाही में कंपनी की कुल आय 4.7 फीसदी अधिक 1,97,112 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,88,193 करोड़ रुपये थी।