खास बातें
- कंपनी ने कहा है कि वह बकाया के मुद्दे को सुलझाने के लिए यूरिया कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी।
नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने उत्तरप्रदेश के चार उर्वरक कारखानों को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति स्थगित करने का नोटिस गुरुवार को वापस ले लिया। कंपनी ने कहा है कि वह बकाया के मुद्दे को सुलझाने के लिए यूरिया कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक अक्तूबर को इंडो गल्फ फर्टिलाइजर, इफको, कृभको श्याम व टाटा केमिकल को आज छह बजे से आपूर्ति बंद करने का नोटिस दिया था। रिलायंस ने इन कंपनियों से राज्य ब्रिकी कर के मद में वित्तीय गारंटी बढाने को कहा था। लेकिन आज रिलायंस ने इन कंपनियों को लिखा है, फर्टिलाइजर एसोसिएशन आफ इंडिया के महानिदेशक के आश्वासन को ध्यान में रखते हुए हम आपूर्ति स्थगित करने के अधिकार को तत्काल लागू नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही रिलायंस ने कहा है कि उसक पास बिना कोई और नोटिस दिए आपूर्ति स्थगित करने का अधिकार है।