खास बातें
- अमेरिका में शेयर बाजार के नियम तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार रजत गुप्ता को एक करोड़ डॉलर के मुचलके पर जमानत दी गई है।
न्यूयार्क: अमेरिका में शेयर बाजार के नियम तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार गोल्डमैन सैक्स के पूर्व निदेशक रजत गुप्ता को जमानत मिल गई है। अदालत ने उन्हें एक करोड़ डॉलर के मुचलके पर जमानत दी है। रजत गुप्ता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। गुप्ता ने न्यूयार्क में अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के ऑफिस में सरेंडर कर दिया था। गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने श्रीलंकाई मूल के अरबपति राजारत्नम को गैर-कानूनी तौर पर खुफिया जानकारी दी थी। राजारत्नम को भी हाल ही में 11 साल कैद की सजा सुनाई गई है। सरकारी वकीलों के मुताबिक अगर गुप्ता दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें 100 साल की कैद की सजा के साथ ढाई करोड़ डॉलर का जुर्माना भी देना पड़ सकता है। हालांकि गुप्ता के वकील ने उनके ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।