सबकी सेहत इंश्योर करने वाली बीमा कंपनी पर साइबर अटैक

वाशिंगटन:

अपने ग्राहकों की जिंदगी को इंश्योर करने का दावा करने वाली एक बीमा कंपनी अपने कंप्यूटर नेटवर्क को भी हैकर्स से नहीं बचा पायी। अब आशंका जताई जा रही है कि हैकर्स ने नेटवर्क से कई महत्वपूर्ण जानकारियां चुरा ली गई होंगी। चिंता की बात ये है कि इस कंपनी पर यह दूसरा साइबर हमला है।

दरअसल अमेरिका की बीमा कंपनी प्रेमेरा ब्ल्यू क्रॉस ने कहा है कि उसका कंप्यूटर नेटवर्क हैक हो गया था, जिससे 1.1 करोड़ लोगों से जुड़ी सूचनाएं दूसरों के हाथ में लगने की आशंका है। यह दूसरा मौका है जबकि अमेरिका की इस प्रमुख स्वास्थ्य बीमा कंपनी पर सायबर हमला हुआ है।

प्रेमेरा ने मंगलवार को कहा कि उसे 29 जनवरी को पता चला कि कंपनी के कंप्यूटर नेटवर्क पर सायबर हमला हुआ है। जांच में पाया गया कि पहला हमला पांच मई 2014 को हुआ था।

कंपनी ने कहा कि हो सकता है कि हैकरों को उसके सदस्यों के नाम, जन्म तिथि, सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आंकड़े, ईमेल, बैंक खातों का ब्योरा और दावों की जानकारी मिल गई हो।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रेमेरा ने कहा कि ग्राहकों और अन्य सदस्यों को मिलाकर कुल प्रभावित लोगों की संख्या 1.1 करोड़ हो सकती है। इससे छह हफ्ते पहले एंथम ब्ल्यू क्रॉस ने भी इसी तरह का खुलासा किया था, जिसने कहा था कि उसके 8 करोड़ ग्राहकों से जुड़े रिकॉर्ड प्रभावित होने की संभावना है।