यह ख़बर 22 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

वैश्विक मंदी और महंगे कर्ज से अर्थव्यवस्था प्रभावित : प्रणब

खास बातें

  • वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि प्रतिकूल वैश्विक स्थिति के साथ ऊंची ब्याज दरों से निवेश और आर्थिक वृद्धि प्रभावित हो रही है।
नई दिल्ली:

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि प्रतिकूल वैश्विक स्थिति के साथ ऊंची ब्याज दरों से निवेश और आर्थिक वृद्धि प्रभावित हो रही है।
यहां उद्योग मंडल एसोचैम की वार्षिक आम बैठक में मुखर्जी ने कहा कि एक हो चुकी दुनिया में जहां विकसित देश कठिन दौर से गुजर रहे हैं, वृद्धि दर को हल्के में नहीं लिया जा सकता। हालांकि, मंदी एक अस्थायी दौर है।

वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘ इस सतत वैश्विक अनिश्चितता से भारत भी प्रभावित हो रहा है। सख्त मौद्रिक नीति से निवेश और उपभोग की दर प्रभावित हुई है। इसके परिणाम स्वरूप आर्थिक वृद्धि दर में भी नरमी आई है।’’ वर्ष 2011.12 में आर्थिक वृद्धि दर घटकर 6.9 प्रतिशत पर आने का अनुमान है जो बीते वित्त वर्ष में 8.4 प्रतिशत थी। इस बीच, बहुब्रांड खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति दिये जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार आम सहमति कायम करने के प्रयास में लगी हुई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विदेशी खुदरा कारोबारियों को देश में अपने बिक्री केन्द्र खोलने की अनुमति दिये जाने का फैसला संप्रग सरकार को सहयोगी दलों और विपक्ष के कड़े विरोध के कारण स्थगित करना पड़ा। इसके बाद औद्योगिक नीति और संवर्धन विभाग ने इस मामले से जुड़े विभिन्न पक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग ने किसानों, उपभोक्ताओं और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग सहित विभिन्न पक्षों से व्यापक विचार-विमर्श किया है।