खास बातें
- मुखर्जी ने कहा कि सरकार पश्चिम एशिया, मिस्र की घटनाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई तेजी पर नजर रखे हुए है।
नई दिल्ली: वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि सरकार पश्चिम एशिया, विशेषकर मिस्र की घटनाओं के बीच अंतररार्ष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई तेजी पर नजर रखे हुए है और उसे विश्वास है वह कि तेल बाजार में उछाल से उत्पन्न स्थिति संभाल लेगी। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि हम स्थिति को संभाल लेंगे। पहले भी जब कच्चे तेल के दाम काफी बढ़े थे, तब भी हमने स्थिति को संभाला था, इसलिए हमें उम्मीद है कि हम इसे व्यवस्थित कर लेंगे। उल्लेखनीय है कि मिस्र में राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के खिलाफ जन आंदोलन के मद्देनजर पैदा हुए संकट से वैश्विक बाजार में इस समय कच्चे तेल के दाम 100 डालर प्रति बैरल से उपर चले गए हैं। आशंका है कि स्वेज नहर से कच्चे तेल का परिवहन प्रभावित हो सकता है। वहीं दूसरी ओर, घरेलू शेयर बाजारों पर महंगाई की चिंताओं के साथ इन घटनाओं का असर पड़ा है और मंगलवार को शेयर बाजार 305 अंक तक टूट गया। कपड़ा मंत्रालय द्वारा आयोजित टेक्स ट्रेंड इंडिया, 2011 एक्सपो के दौरान मुखर्जी संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन और कपड़ा राज्यमंत्री पानाबाका लक्ष्मी ने भी हिस्सा लिया।