खास बातें
- देश में डेढ़ लाख से अधिक डाक घरों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और जल्द ही इन डाक घरों में बैंकिंग व बीमा जैसी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
श्रीनगर: देश भर में डेढ़ लाख से अधिक डाकघरों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और जल्द ही इन डाकघरों में बैंकिंग और बीमा जैसी सुविधाएं मिलने लगेंगी। केंद्रीय संचार एवं सूचना राज्यमंत्री सचिन पायलट ने संवाददाताओं को बताया, हम देश भर में सभी डाकघरों में बैंकिंग सुविधाएं शुरू करने के लिए लाइसेंस के वास्ते रिजर्व बैंक के पास आवेदन कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि डाकघरों में बीमा जैसी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डाकघर में इन सुविधाओं से देश की ग्रामीण आबादी व्यापक तौर पर लाभान्वित होगी। मंत्री ने कहा कि देश भर में डाकघरों को कंप्यूटरीकृत किया जाएगा और इन्हें एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। जम्मू-कश्मीर में बीएसएनएल के निष्पादन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले चार महीने में 1.67 लाख मोबाइल उपभोक्ता जोड़े हैं और चालू वित्तवर्ष के अंत तक और डेढ़ लाख ग्राहकों के बीएसएनएल के नेटवर्क से जुड़ने की उम्मीद है। सीमावर्ती इलाकों और नियंत्रण रेखा के पास दूरसंचार सुविधाओं की कमी के बारे में पायलट ने कहा कि बीएसएनएल की नीति ऐसे इलाकों में मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की है, जहां लैंडलाइन फोन नहीं स्थापित किए जा सकते।