यह ख़बर 16 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई को कम करने में सक्षम है बजट : पीएम

खास बातें

  • लोकसभा में वित्त वर्ष 2012-13 के लिए पेश आम बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें तेज, समान, सतत व समग्र विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा में वित्त वर्ष 2012-13 के लिए पेश आम बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें तेज, समान, सतत व समग्र विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने लिखा, "केंद्रीय वित्त मंत्री ने एक ही साथ महंगाई कम करने और तेज विकास की जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक पूरा किया।"

पीएम ने सब्सिडी में कटौती के प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार को यह कठिन निर्णय न चाहते हुए भी लेना ही होगा। साथ ही उन्होंने तेज व समग्र आर्थिक विकास पर भी बल दिया।

वित्त वर्ष 2012-13 के लिए शुक्रवार को लोकसभा में पेश आम बजट में सब्सिडी को कम कर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के दो प्रतिशत पर लाने का प्रस्ताव किया गया है। इसकी सराहना करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि इसके लिए सरकार को पेट्रोलियम तथा अन्य पदार्थो की कीमत समायोजित करनी होगी।

उन्होंने कहा, "हमें यह मुश्किल निर्णय न चाहते हुए भी लेना ही होगा। सब्सिडी कम करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।" यह पूछे जाने पर कि क्या इस प्रस्ताव को सरकार के सहयोगी दलों का समर्थन प्राप्त होगा, मनमोहन सिंह ने कहा, "हम सहयोगियों से बातचीत कर उन्हें इसके लिए सहमत करेंगे।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

व्यावहारिक फैसलों की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि अन्य अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में हम अपनी विकास दर बनाए रखने में अधिक कामयाब रहे।" तेज, सतत व समग्र विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "विकास के मामले में हम आगे बढ़ रहे हैं।"