खास बातें
- पायलट अपने रुख पर कायम हैं और उनका कहना है जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, हड़ताल खत्म नहीं होगी। वे इसके लिए जेल जाने को भी तैयार हैं।
नई दिल्ली / मुंबई: एअर इंडिया के पायलटों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। आज दिल्ली से उड़ने वाली 45 उड़ानों को रद्द किया गया है। पायलट अपने रुख पर कायम हैं और उनका कहना है जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, हड़ताल खत्म नहीं होगी। वे इसके लिए जेल जाने को भी तैयार हैं। वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने पायलटों के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू की है। मुंबई से फ्लाइट लेनेवाले लोगों की दिक्कतें आज और बढ़ जाएंगी। एयर इंडिया के पायलट तो हड़ताल पर हैं ही, मुंबई एयरपोर्ट के रनवे की भी आज मरम्मत की जाएगी। जिसके चलते एयरपोर्ट का मुख्य रनवे सुबह साढ़े 11 बजे से 5 घंटे के लिए बंद रहेगा। मुंबई से आज एयर इंडिया की केवल 5 फ्लाइट उड़ान भरेंगी। सरकार हड़ताली पायलटों के खिलाफ इमरजेंसी सर्विस मेंटेनेंस एक्ट यानी एस्मा के तहत कार्रवाई कर सकती है। हड़ताल से सबसे ज्यादा मुसाफिर परेशान हैं, क्योंकि हर रोज़ एअर इंडिया की ज्यादातर उड़ानें रद्द हो रही हैं।