यह ख़बर 12 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अमेरिका में अब भी है सबसे ज्यादा आर्थिक क्षमता : ओबामा

खास बातें

  • अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि स्टैंडर्ड एंड पूअर्स द्वारा अमेरिका की ऋण साख को घटाए जाने के बाद भी हमारी आर्थिक क्षमता अब भी सबसे ज्यादा है।
न्यूयॉर्क:

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि स्टैंडर्ड एंड पूअर्स द्वारा अमेरिका की ऋण साख को घटाए जाने के बाद भी हमारी आर्थिक क्षमता अब भी सबसे ज्यादा है। निवेशक अभी भी अमेरिका में पैसा लगा रहे हैं, जो हमारी आर्थिक क्षमता को दर्शाता है। ओबामा ने अमेरिका को सबसे सुरक्षित निवेश गंतव्य बताते हुए कहा, मैं नहीं जानता कि आपने इस बात पर ध्यान दिया कि नहीं कि जब शेयर बाजार नीचे आए, तो सबसे कहां निवेश किया। अमेरिकी ट्रेजरी में। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि स्टैंडर्ड एंड पूअर्स द्वारा अमेरिका की ऋण साख को घटाए जाने के बावजूद हर कोई यह जानता है कि अमेरिका में सबसे ज्यादा आर्थिक क्षमता है, सबसे बेहतर कारोबार और धरती पर सबसे बेहतर श्रमिक हैं। उन्होंने कहा कि देश की कर संहिता और चिकित्सा कार्यक्रमों मसलन मेडिकेयर और मेडिकेड में मामूली फेरबदल हुआ है, यह समस्या समाप्त हो जाएगी। हम इसे सुलझा सकते हैं। अमेरिकी की साख को ट्रिपल ए से एएप्लस किए जाने के बाद डाउ जोंस में इस सप्ताह पहले दिन 600 से ज्यादा अंक की गिरावट आई थी। खास बात यह है कि इसके बाद निवेशकों ने ट्रेजरी की प्रतिभूतियों में निवेश किया। यह ऋण है, जो सरकार अपने परिचालन के वित्तपोषण के लिए बेचती है। आर्थिक अनिश्चितता के दौर में निवेशक ट्रेजरी को अन्य निवेश विकल्पों से ज्यादा सुरक्षित मानते हैं।  ओबामा ने ऋण संकट का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ माह काफी परेशान करने वाले रहे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com