खास बातें
- ओबामा ने कहा, "यह कोई मायने नहीं रखता कि कुछ एजेंसियां क्या कह रही हैं। हम हमेशा से 'एएए' अर्थव्यवस्था रहे हैं और रहेंगे।"
वाशिंगटन: अमेरिका की साख रेटिंग 'एएए' से कम किए जाने के बाद देश के शेयर बाजारों में जारी जबरदस्त गिरावट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने निवेशकों को आश्वस्त करने की कोशिश की है। व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में ओबामा ने कहा, "यह कोई मायने नहीं रखता कि कुछ एजेंसियां क्या कह रही हैं। हम हमेशा से 'एएए' अर्थव्यवस्था रहे हैं और रहेंगे।" उन्होंने कहा कि अमेरिका मजबूत वित्तीय स्थिति को हासिल करने का रास्ता खोज लेगा। साख रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स द्वारा शुक्रवार को अमेरिका की साख रेटिंग कम किए जाने के संदर्भ ने उन्होंने कहा कि यह देश की 'समाधान की जा सकने वाली' आर्थिक समस्या है और इसके लिए डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों दलों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह कर्ज की सीमा बढ़ाने को लेकर हुई चर्चाओं के बाद उन्होंने हमारी राजनीतिक व्यवस्था की ताकत पर अविश्वास किया इसलिए रेटिंग में कमी की। ओबामा ने कहा, "हम जानते हैं कि कर्ज सीमा पर लम्बी चली चर्चा और सौदेबाजी में विफल होने के खतरे के प्रयोग से हमारी अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हुआ।" उन्होंने कहा कि ऐसे खतरे यूरोप, जापान और मध्यपूर्व में आर्थिक अस्थिरता के कारण पैदा हुए, जिसने अब बाजार को प्रभावित किया है और उपभोक्ताओं में विश्वास को कम किया है। इससे सुधार की गति धीमी हो गई है। स्थिति को 'वैध चिंता का स्रोत' बताते हुए ओबामा ने कहा कि अच्छी खबर यह है कि हमारी समस्या पूरी तरह से समाधान करने योग्य है और हम जानते हैं कि इसके समाधान के लिए हमें क्या करना होगा।