खास बातें
- देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी एसीसी ने अगले एक साल के भीतर पर्यावरण अनुकूल सीमेंट लॉन्च करने की योजना बनाई है।
New Delhi: देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी एसीसी ने अगले एक साल के भीतर पर्यावरण अनुकूल सीमेंट लॉन्च करने की योजना बनाई है। यह सीमेंट विनिर्माण प्रक्रिया में मौजूदा सीमेंट के मुकाबले आधे से भी कम कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ेगा। परियोजना से जुड़े सूत्रों ने कहा कि ठाणे स्थित कंपनी का अनुसंधान एवं विकास प्रभाग पिछले एक साल से इस सीमेंट पर काम कर रहा है और अब वह प्रायोगिक आधार पर इसका इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा, विकास का काम लगभग पूरा हो चुका है और एसीसी अब पायलट परियोजना के तहत इसका परीक्षण कर रही है। इसे व्यावसायिक तौर पर लॉन्च करने में और एक साल का समय लगेगा, क्योंकि ब्रांडिंग एवं अन्य मुद्दों पर अभी निर्णय नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि पर्यावरण अनुकूल सीमेंट मौजूदा सामान्य सीमेंट के मुकाबले महंगा होगा। उन्होंने कहा कि नया पर्यावरण अनुकूल सीमेंट उत्पादन के समय, चूना पत्थर जलाने के दौरान 400 से 450 किलोग्राम कार्बन डाइआक्साइड छोड़ेगा, जबकि पारंपरिक सीमेंट करीब 900 किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ता है।