यह ख़बर 30 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में तेजी जारी रहने की संभावना

खास बातें

  • बाजार के जानकारों के अनुसार इस समय धारणा मजबूत है और तेजी का माहौल अगले सप्ताह भी जारी रहने की संभावना है।
New Delhi:

स्थानीय शेयर बाजारों में दीवाली का जश्न रहा और प्रमुख शेयर सूचकांकों ने लंबी छलांग लगाई। बाजार के जानकारों के अनुसार इस समय धारणा मजबूत है और तेजी का माहौल अगले सप्ताह भी जारी रहने की संभावना है। पिछले सप्ताह दोनों ही प्रमुख सूचकांक- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। इनमें सप्ताह दर सप्ताह आधार पर छह प्रतिशत से अधिक की मजबूती रही। बाजार की इस तेजी का श्रेय धातु और रीयल्टी क्षेत्र के शेयरों को जाता है, जिनमें औसतन क्रमश: नौ और आठ प्रतिशत से भी अधिक का लाभ दर्ज हुआ। एंजल ब्रोकिंग ने एक शोध रिपोर्ट में कहा कि संवत 2068 का मुहूर्त तेजड़ियों के पक्ष रहा है और बाजार तेजी के पथ पर है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक संकेत सकारात्मक हैं, क्योंकि यूरो क्षेत्र के ऋण संकट का समाधान निकलता दिख रहा है। इसके अलावा अमेरिका के सकारात्मक सकल घरेलू उत्पाद में तीसरी तिमाही में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि से भी निवेशकों का उत्साह बढ़ा है। पर घरेलू मोर्चे पर अभी कठिनाई बरकरार लगती है और मुद्रास्फीति के दबाव के बने रहने से दिक्कतें बनी हुई हैं। पर शेयर बाजार में पिछले सप्ताह इसका खास असर नहीं दिखा है। वेलइंडिया समूह के वरिष्ठ प्रबंधक (शोध) विवेक नेगी ने कहा कि बाजार में मजबूती के संकेत दिखाई दे रहे हैं और आने वाले दिनों में बाजार में तेजी आ सकती है। इस सप्ताह शेयर बाजार में स्टॉक विशेष आधारित गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, क्योंकि दूसरी तिमाही के कार्यपरिणामों का सिलसिला जारी है। इसके अलावा ऑटोमोबाइल और सीमेंट कंपनियों के शेयर केंद्र में होंगे, क्योंकि ये कंपनियां अक्टूबर के लिए अपने बिक्री आकार के आंकड़ों को सामने रखेंगी। कार कंपनी मारुति सुजुकी ने दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफे में 60 प्रतिशत की गिरावट दिखाया है। बाजार में सोमवार को इसका असर दिख सकता है। इस सप्ताह बाजार में आईसीआईसीआई बैंक, विप्रो, एनएमडीसी, बीपीसीएल, पंजाब नेशनल बैंक, आदित्य बिड़ला नूवो, सन टीवी नेटवर्क, अशोक लीलैंड, ओएनजीसी, भारती एयरटेल और ग्लैक्सो स्मिथक्लाइन के परिणामों की घोषणा होगी। बंबई शेयर बाजार में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान यूरोपीय संकट का समाधान निकलने की खबर से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में ही तेजी दर्ज की गई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com