खास बातें
- माना जा रहा है कि डीजल में 2 से 3 रुपये और एलपीजी सिलेंडर में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा कैरोसिन के दाम भी बढ़ाए जाएंगे।
New Delhi: डीजल, रसोई गैस और मिट्टी तेल की मूल्य समीक्षा पर होने वाली अधिकार प्राप्त मंत्री समूह की बैठक अब शाम को होगी। वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले प्राधिकृत मंत्री समूह की बैठक इससे पहले दोपहर में होनी थी, लेकिन बाद में इसे शाम के लिए टाल दिया गया। वित्तमंत्री और पेट्रोलियम मंत्री के बीच हुए विचार-विमर्श के बाद तय हुआ कि कोई भी निर्णय लेने से पहले उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री जयपाल रेड्डी ने दोपहर में वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के बाद कहा कि प्राधिकृत मंत्री समूह की बैठक शाम 7 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है, हम दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं, इस बारे में फैसले की घोषणा बैठक के बाद ही होगी। रेड्डी ने मुखर्जी के साथ हुए विचार-विमर्श और सरकार के समक्ष मौजूद विकल्पों के बारे में कुछ भी कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा, क्या होगा, क्या नहीं मैं इसमें नहीं पड़ना चाहता। बहरहाल, समझा जाता है कि सरकार किसी निर्णय पर पहुंचने से पहले सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च समिति कांग्रेस कार्यसमिति की राय भी जानना चाहती है। समिति की बैठक भी आज ही हो रही है। घरेलू रसोई गैस और डीजल की मूल्यवृद्धि राजनीतिक तौर पर काफी संवेदनशील मुद्दा है, ऐसे में सरकार अंतिम निर्णय पर पहुंचने से पहले सरकार और पार्टी में सभी को आश्वस्त कर लेना चाहती है। माना जा रहा है कि डीजल में 2 से 3 रुपये और एलपीजी सिलेंडर में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा कैरोसिन के दाम भी बढ़ाए जा सकते हैं। पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी इस महीने के शुरू में वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिले थे और तेल कंपनियों को हो रहे घाटे पर चर्चा की थी। तेल कंपनियों को इस समय डीजल पर 15 रुपये, केरोसिन पर 29 रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस पर 380 रुपये प्रति सिलिंडर का घाटा हो रहा है बाकी घाटे को पूरा करने के लिए शुल्कों में कटौती और केंद्र सरकार की तरफ से नकदी सब्सिडी बढ़ाने के विकल्प पर विचार होगा।(इनपुट भाषा से भी)