यह ख़बर 15 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

आर्थिक स्थिति पर पीएम ने बुलाई बैठक

खास बातें

  • प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक स्थिति पर विचार-विमर्श के लिए आज बैठक बुलाई है। इसमें नीतिगत विकल्पों पर चर्चा होगी।
New Delhi:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक स्थिति पर विचार-विमर्श के लिए आज बैठक बुलाई है। इस बैठक में घटती आर्थिक वृद्धि दर तथा बढ़ती महंगाई को देखते हुए नीतिगत विकल्पों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (पीएमईएसी) के चेयरमैन सी रंगराजन ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ यह बैठक वर्तमान आर्थिक स्थिति पर बुलाई गई है। हमारी वृद्धि और महंगाई पर चर्चा होगी और इस बारे में हम नीतिगत विकल्पों पर चर्चा करेंगे। महंगाई की ऊंची दर के मद्देनजर भारतीय रिजर्व बैंक को मार्च, 2010 के बाद से 12 बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी करनी पड़ी है। कुल मुद्रास्फीति सितंबर में 10 प्रतिशत के नजदीक 9.72 प्रतिशत पर थी। खाद्य उत्पादों, ईंधन और विनिर्मित सामान के महंगा होने से महंगाई की दर ऊंची बनी हुई है। 1 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान खाद्य मुद्रास्फीति 9.32 प्रतिशत के उच्च स्तर पर थी। चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रही है। यह पिछले 18 माह में सबसे निचली वृद्धि दर है। वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने पेरिस में कहा कि चालू वित्तवर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 8 से 8.2 प्रतिशत रहेगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com