खास बातें
- केंद्र सरकार ने दो दवाओं गैटिफ्लोक्सासिन और टेगासेराड के साइड इफेक्ट के मद्देनजर इनके निर्माण, बिक्री और वितरण पर शुक्रवार को रोक लगा दी।
New Delhi: केंद्र सरकार ने दो दवाओं गैटिफ्लोक्सासिन और टेगासेराड के साइड इफेक्ट के मद्देनजर इनके निर्माण, बिक्री और वितरण पर शुक्रवार को रोक लगा दी। इसके लिए पिछले महीने दवाओं की तकनीकी परामर्श समिति ने सिफारिश की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार इस बात को स्वीकारती है कि इन दवाओं का उपयोग मानव जाति के लिए खतरा पैदा कर सकता है और इनके सुरक्षित विकल्प मौजूद हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि सरकार मानती है कि जनहित में इन दवाओं का निर्माण, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध जरूरी है। इस प्रकार ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स कानून के तहत इन पर पाबंदी लगा दी गई। गैटिफ्लो, टेक्विन और जाइमर के नामों से बिकने वाली गैटिफ्लोक्सासिन एक एंटीबायोटिक दवा है। इसके प्रमुख साइड इफेक्ट में मधुमेह का खतरा बताया जाता है। कब्ज के उपचार में काम आने वाली टेगासेराड को जेलनार्म से बाजार में बेचा जाता है। इसके इस्तेमाल से हृदयाघात का खतरा रहता है।