खास बातें
- कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्थिति मंगलवार की तरह ही है। हड़ताल जारी है, लेकिन हम संयंत्र में आंशिक उत्पादन जारी रखेंगे।
New Delhi: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर संयंत्र में कर्मचारियों की हड़ताल का आज 13वां दिन है। मंगलवार को कंपनी प्रबंधन के साथ हड़ताली कर्मचारियों की बातचीत बेनतीजा रही। सुजुकी पावरट्रेन इंडिया और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया के कर्मचारी भी मारुति सुजुकी के कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में 7 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्थिति मंगलवार की तरह ही है। हड़ताल जारी है, लेकिन हम संयंत्र में आंशिक उत्पादन जारी रखेंगे। हरियाणा सरकार की मध्यस्थता से मंगलवार को कंपनी प्रबंधन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच बातचीत विफल रही। हरियाणा श्रम विभाग के अधिकारियों ने मारुति सुजुकी और सुजुकी पावरट्रेन के कर्मचारियों एवं उनके प्रबंधनों से बातचीत की। जहां कंपनी का आरोप है कि उसके कर्मचारी अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं, कर्मचारियों ने सख्त रुख अपनाने की बात से इनकार किया और हड़ताल खत्म कराने के लिए दबाव डालने का कंपनी पर आरोप लगाया। कंपनी का दावा है कि उसने मंगलवार को मानेसर संयंत्र से 350 कारों का उत्पादन किया। कंपनी के गुड़गांव संयंत्र में भी 1,750 वाहनों का उत्पादन किया गया।