खास बातें
- मारुति के मानेसर कारखाने में जारी गतिरोध समाप्त करने को प्रबंधन तथा उसके कर्मचारियों के बीच फिर बातचीत शुरू हुई लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला।
नई दिल्ली: मारुति सुजुकी के मानेसर कारखाने में पिछले 29 दिन से जारी गतिरोध समाप्त करने के लिए प्रबंधन तथा उसके कर्मचारियों के बीच फिर बातचीत शुरू हुई लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। पिछले सप्ताह दोनों पक्षों के बीच बातचीत विफल होने के बाद दोनों पक्षों के बीच वार्ता शुरू हुई। बातचीत में कंपनी का मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन मारुति उद्योग कामगार यूनियन ने मानेसर कर्मचारी संगठन का प्रतिनिधित्व किया। सूत्रों के अनुसार वार्ता विफल रही लेकिन मंगलवार को फिर से बातचीत होगी। प्रबंधन के मानेसर कारखाने के कर्मचारियों के साथ सीधी बातचीत से इनकार के बाद कर्मचारियों ने अपनी तरफ से एमयूकेयू को बातचीत के लिए अधिकृत किया है। मासनेर कारखाने के कर्मचारी नए संगठन मारुति सुजुकी इंप्लायज यूनियन गठित करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि ऐसा समझा जाता है कि मानेसर कारखाने के तीन प्रतिनिधि भी बातचीत में शामिल हुए।