यह ख़बर 29 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मारुति के मानेसर संयंत्र में फिर संकट, उत्पादन ठप

खास बातें

  • अनुमान के मुताबिक, कंपनी करीब 1,200 कारों का उत्पादन नहीं कर सकी जिससे उसे करीब 60 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
नई दिल्ली:

कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर संयंत्र में उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। पिछले सप्ताह कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर तोड़फोड़ के मामले के बाद कंपनी ने बेहतर आचरण के प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले कर्मचारियों को कारखाने में प्रवेश करने से रोक दिया। अनुमान के मुताबिक, कंपनी करीब 1,200 कारों का उत्पादन नहीं कर सकी जिससे उसे करीब 60 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। कर्मचारियों से प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर करवाने के लिए संयंत्र में भारी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। कंपनी ने 10 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि पांच कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है और अन्य छह प्रशिक्षुओं की सेवाएं समाप्त कर दी है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, आज कोई उत्पादन नहीं हुआ क्योंकि कर्मचारियों द्वारा प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने के बाद उन्हें कारखाने में घुसने नहीं दिया गया। कुछ कर्मचारियों पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों के लिए अच्छे आचरण का प्रतिज्ञा पत्र लागू करने का निर्णय किया जिसमें कर्मचारियों से यह आश्वासन मांगा गया है कि वे धीमी गति से काम करने या तोड़फोड़ करने पर उतारू नहीं होंगे। साथ ही वे ऐसी गतिविधियों में लिप्त नहीं होंगे जिससे संयंत्र में सामान्य उत्पादन प्रभावित हो।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com