खास बातें
- मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर कारखाने में हड़ताल को क्षेत्र के अन्य कारखाने की यूनियनों ने समर्थन देने की घोषणा की।
मानेसर: मारुति सुजुकी इंडिया के मानेसर कारखाने में हड़ताल को क्षेत्र के अन्य कारखाने की यूनियनों ने समर्थन देने की घोषणा की। इससे श्रमिकों का आंदोलन गुड़गांव-मानेसर क्षेत्र में फैलने की आशंका है। क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों की एक समिति ने चेतावनी दी है कि उनके आंदोलनकारी सहकर्मियों की मांग अगर नहीं मानी जाती है तो अन्य कारखानों में इसी प्रकार का आंदोलन हो सकता है। गुड़गांव-मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों में कार्यरत करीब 1,000 से अधिक कर्मचारी मारुति सुजुकी इंडिया के गेट पर एकत्रित हुए और हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में सत्याग्रह किया। वे बर्खास्त किए गए एमएसआई के 11 कर्मचारियों को बहाल किए जाने का समर्थन कर रहे हैं। साथ ही वे नवगठित यूनियन को मान्यता दिए जाने की मांग कर रहे हैं। एटक के गुड़गांव जिला सचिव हरजीत ग्रोवर ने कहा, अगर मुद्दों का हल नहीं निकला, इसी प्रकार की हड़ताल गुड़गांव-मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में हो सकती है। ग्रोवर एचएमएसआई के इंप्लायज यूनियन के महासचिव भी हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त समिति का गठन किया गया है। इसमें सभी ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों के अलावा हीरो होंडा, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया एवं रिको ऑटो समेत विभिन्न कंपनियों के यूनियन के निर्वाचित सदस्य शामिल हैं।