खास बातें
- बीएसई सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह कुल 312.36 अंक गिरकर 18,174.09 अंक पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 18,486.45 अंक पर बंद हुआ था।
मुम्बई: मध्य-पूर्व में जारी राजनीतिक संकट, औद्योगिक उत्पादन के कमजोर आंकड़ों और ऊंची तेल कीमतों के चलते इस सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह कुल 312.36 अंक (1.69 प्रतिशत) गिरकर 18,174.09 अंक पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 18,486.45 अंक पर बंद हुआ था। केंद्र सरकार में सत्ताधारी गठबंधन के सहयोगी दल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और कांग्रेस के बीच मतभेद उभरने से शेयर बाजार कमजोरी के साथ खुले। डीएमके छह मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने की धमकी दी थी। अगले दिनों में सत्ताधारी दलों में सीट बंटवारा समझौते पर सहमति बनने से बाजार में खरीददारी आई थी लेकिन सप्ताह के अंत तक औद्योगिक उत्पादन के कमजोर आंकड़ों और मध्यपूर्व में राजनीतिक संकट बढ़ने की आशंकाओं के चलते गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े जारी होने के बाद सेंसेक्स 153.89 अंक गिरकर 18,174.09 अंक पर बंद हुआ। देश में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर जनवरी महीने में 3.7 प्रतिशत दर्ज की गई है। दिसम्बर महीने में यह दर 2.53 प्रतिशत और पिछले साल के जनवरी महीने में 16.8 प्रतिशत रही थी। शुक्रवार को जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर इस माह केवल 3.3 प्रतिशत रही है जिसकी औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं 10.47 हिस्सेदारी वाले खनन क्षेत्र की विकास दर 1.6 प्रतिशत रही है। बिजली क्षेत्र में जनवरी महीने में 10.5 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की गई है जो कि जनवरी 2010 में 5.6 प्रतिशत थी। वहीं जापान में आए भूकम्प और सुनामी से हुई तबाही ने भी बाजार पर दबाव बनाया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को 48.95 अंक गिरकर 5,445.45 अंक पर बंद हुआ। धातु, प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजली और उपभोक्ता वस्तुएं क्षेत्र के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। इस सप्ताह जापान का निक्केई सूचकांक 1.72 प्रतिशत गिरकर 10,254.40 अंक पर बंद हुआ। हांग कांग के हेंग सेंग सूचकांक में भी 1.55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।