खास बातें
- दो माह की सबसे लंबी छलांग लगाते हुए बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 516 अंक की तेजी के साथ 17,804.80 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
मुंबई: दो माह की सबसे लंबी छलांग लगाते हुए बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 516 अंक की तेजी के साथ 17,804.80 अंक के स्तर पर पहुंच गया। यूरो क्षेत्र के ऋण संकट को खत्म करने पर यूरोपीय नेताओं के बीच समझौते की खबर से वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख रहा। इसका यहां भी सकारात्मक असर देखने को मिला। शेयर बाजार में तेजी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में तीन-तीन प्रतिशत की तेजी दर्ज हुई। इससे निवेशकों की परिसंपत्तियों में 1.5 लाख करोड़ रुपये का इजाफा होने का अनुमान है। इससे पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 500 से अधिक अंक चढ़ा था। आज यह 515.97 अंक या 2.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,804.80 अंक के स्तर पर पहुंच गया। 29 अगस्त के बाद से यह सेंसेक्स में एक दिन में सबसे बड़ी बढ़त है। उस दिन सेंसेक्स में 567.50 अंक की तेजी आई थी। कारोबार के दौरान एक समय यह 17,908.13 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 158.90 अंक या 3.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,300 के स्तर को पार कर 5,360.70 अंक पर बंद हुआ। सभी 13 वर्गों के सूचकांक 0.18 से 6.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। धातु, रीयल्टी, बैंकिंग, पूंजीगत सामान और वाहन खंड के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स में शामिल प्रमुख 30 कंपनियों में से 27 कंपनियों के शेयर लाभ में रहे। वहीं मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल और बजाज ऑटो के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में भी लाभ रहा। इनमें पिछले कुछ वर्ष का सबसे अच्छा साप्ताहिक लाभ दर्ज हुआ। इन्वेंचर ग्रोथ एंड सिक्योरिटीज के अनुसंधान प्रमुख मिलन बाविशी ने कहा, यूरोपीय नेताओं की ऋण संकट से निपटने की योजना और अमेरिकी अर्थव्यवस्था के बेहतर वृद्धि दर के आंकड़ों से बाजार में तेजी आई है।