खास बातें
- बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सप्ताहभर के कारोबार में 5.24 फीसदी की बढ़त बनाकर आखिरी कारोबारी दिन 18,815.64 पर बंद हुआ।
मुम्बई: शेयर बाजारों के लिए यह सप्ताह बेहतर रहा। लगभग सभी सेक्टरों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। लगभग उन सभी शेयरों में अच्छी लिवाली देखी गई, जिनमें पिछले कुछ सप्ताहों से मध्यपूर्व की अस्थिरता, महंगाई और जापान की प्राकृतिक विभीषिका के कारण अत्यधिक बिकवाली देखी जा रही थी। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सप्ताहभर के कारोबार में 5.24 फीसदी की बढ़त बनाकर आखिरी कारोबारी दिन 18,815.64 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 17,878.81 पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी सप्ताह भर के कारोबार में 5.22 फीसदी की बढ़त बनाकर आखिरी कारोबारी दिन 5,654.25 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह निफ्टी 5,373.70 पर बंद हुआ था। इस सप्ताह बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी क्रमश: 3.25 फीसदी और 2.61 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। सेंसेक्स के 30 शेयरों में इस हफ्ते सर्वाधिक बढ़त बनाने वाले शेयरों में थे डीएलएफ (10.8 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (8.7 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (7.5 फीसदी) और भेल (6.1 फीसदी)। सेंसेक्स में इस सप्ताह गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में प्रमुख रहे हीरो होंडा (1.7 फीसदी), रिलायंस इंफ्रा (1.4 फीसदी), रिलायंस इंडस्ट्रीज (1.00 फीसदी) और रिलायंस कम्युनिकेशंस (0.8 फीसदी)। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों ने कुल 11.838 करोड़ डॉलर के शेयर खरीदे। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में भी जापान में क्षतिग्रस्त परमाणु संयंत्रों की स्थिति और मध्य पूर्व की अस्थिरता के सम्भलने की सम्भावना की खबरों के बीच तेजी दर्ज की गई। जापान का प्रमुख सूचकांक निक्के ई इस सप्ताह 3.58 फीसदी की तेजी के साथ 9,536.13 पर और हांग कांग का हैंग सैंग 3.85 फीसदी की तेजी के साथ 23,158.67 पर बंद हुआ। चीन का प्रमुख सूचकांक शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 2.44 फीसदी की तेजी के साथ 2,977.81 पर बंद हुआ। अधिकतर यूरोपीय बाजारों में इस सप्ताह छह महीने की सर्वाधिक बढ़त दर्ज की गई। ब्रिटेन के एफटीएसई100 में 3.19 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और यह 5,900.76 पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी40 सूचकांक 4.26 फीसदी की तेजी के साथ 3,972.38 पर बंद हुआ। जर्मनी के डीएएक्स में 4.23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 6,946.36 पर बंद हुआ।