खास बातें
- मजबूत वैश्विक संकेतों के बल पर बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 623 अंक की लंबी छलांग के साथ 18,000 अंक के स्तर को पार कर गया।
मुंबई: आम बजट के एक दिन बाद वाहन बिक्री, निर्यात और बुनियादी उद्योगों के बेहतर आंकड़ों के साथ मजबूत वैश्विक संकेतों के बल पर बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 623 अंक की लंबी छलांग के साथ 18,000 अंक के स्तर को पार कर गया। पिछले 21 माह में यह एक दिन में सेंसेक्स का सबसे बड़ा उछाल है। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 623.10 अंक या 3.5 प्रतिशत उछलकर 18,446.50 अंक पर बंद हुआ। मई, 2009 के बाद सेंसेक्स में किसी एक दिन में यह अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। सोमवार को सेंसेक्स करीब 200 अंक चढ़कर बंद हुआ था। सेंसेक्स की शुरुआत 17,982.28 अंक पर मजबूती के साथ हुई और दिनभर तेजी का यह रुख बना रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 189.05 अंक मजबूत होकर 5,522.30 अंक पर बंद हुआ। सभी 13 वर्गों के सूचकांक में लिवाली का जोर था। विभिन्न वर्गों के सूचकांक 1.71 से 5.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सबसे अधिक तेजी वाहन, बैंकिंग, रीयल्टी और पूंजीगत कंपनियों के शेयरों में दर्ज की गई। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि निवेशक को इस बात से राहत मिली है कि 2011-12 के बजट में उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी का कोई प्रस्ताव नहीं है। विश्लेषकों ने कहा कि बजट में कुछ और सकारात्मक बातें भी हैं, जैसे... म्यूचुअल फंड योजनाओं में विदेशी निवेशकों को निवेश की अनुमति दी गई है, कारपोरेट बांड्स में विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश की सीमा बढ़ी है, कारपोरेट कर में अधिभार का बोझ 2.5 फीसद कम किया गया है और 40,000 करोड़ रुपये के विनिवेश का लक्ष्य रखा गया है।