यह ख़बर 02 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

किसी को रिश्वत न दें उद्योगपति : ममता

खास बातें

  • ममता ने राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासस्वरुप उद्योगपतियों से कहा कि वह उद्योग लगाते समय किसी को भी रिश्वत नहीं दें।
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासस्वरुप शनिवार को उद्योगपतियों से कहा कि वह उद्योग लगाते समय किसी को भी रिश्वत नहीं दें। उन्होंने पुलिस से भी मामले में उचित कदम उठाने को कहा। उद्योगपतियों को दिये गये एक संदेश में मुख्यमंत्री ने राज्य में औद्योगिक इकाइयां लगाने के इच्छुक उद्योगपतियों से कहा यदि कोई रिश्वत मांगता है तो आप हमें बतायें, इस बात की जानकारी संबंधित मंत्री तक पहुंचायें, पुलिस को उचित कारवाई करने के लिये आदेश देते समय आपकी पहचान पूरी तरह छिपाकर रखी जाएगी। राज्य में औद्योगिक विकास की शीर्ष एजेंसी पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआईडीसी) की वेबसाइट जारी करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में औद्योगिक विकास के लिए अवसंरचना सुविधायें बढ़ाये जाने की जरुरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार से त्यौहारी मौसम शुरु हो रहा है, ऐसे में राज्य में शांति व्यवस्था हर कीमत पर बनाये रखनी होगी। हमारे राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव की पुरानी परंपरा रही है, उसे बनाये रखना होगा। ममता बनर्जी ने सभी से शांतिपूर्वक त्योहार मानाने की अपील करते हुये कहा कि राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और कड़ी कारवाई की जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com