यह ख़बर 06 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

जॉब्स आधुनिक दौर की महान हस्तियों में से एक : टाटा

खास बातें

  • उद्योगपति रतन टाटा ने स्टीव जॉब्स को आधुनिक युग की सबसे महान हस्तियों में से एक करार दिया।
नई दिल्ली:

उद्योगपति रतन टाटा ने स्टीव जॉब्स को आधुनिक युग की सबसे महान हस्तियों (आइकन) में से एक करार देते हुए गुरुवार को कहा कि उनकी अगुवाई में तैयार एप्पल उत्पादों ने दुनिया पर जो असर डाला वैसा किसी और आईटी कंपनी के उत्पाद नहीं कर सके। देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने के मुखिया टाटा ने अपने बयान में जॉब्स के असामयिक निधन को भारी क्षति बताया है। बयान में कहा गया है, 'स्टीव जाब्स आधुनिक दौर की सबसे महान हस्तियों में से एक थे। उनका आसमयिक निधन हम सभी के लिए भारी क्षति है।' टाटा ने जाब्स के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि जॉब्स ने अनेक लोगों के जीने के तरीके को बदल दिया। जॉब्स की अगुवाई में एप्पल के उत्पादों ने मानवता पर बहुत बड़ा असर डाला, सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कोई और कंपनी ऐसा नहीं कर सकी। दुनियाभर में कंप्यूटर से लेकर आईपॉड और आईफोन के जरिए दैनिक प्रौद्योगिकी में क्रांति लाने वाले एप्पल के सह.संस्थापक स्टीव जाब्स (56) का कल निधन हो गया। वह पैंक्रियास कैन्सर से पीड़ित थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com