यह ख़बर 16 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत, जापान ने मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए

खास बातें

  • भारत, जापान ने एक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत 10 वर्षों के लिए 90% से अधिक तरह के व्यापार पर सीमा शुल्क समाप्त हो जाएंगे।
टोक्यो:

भारत और जापान ने बुधवार को एक द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत 10 वर्षों के लिए 90 प्रतिशत से अधिक तरह के व्यापार पर सीमा शुल्क समाप्त हो जाएंगे। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जापानी विदेशमंत्री, सीजी मेहारा और भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने टोक्यो में विदेश मंत्रालय में आयोजित एक समारोह में समझौते को अंतिम रूप दिया। मेहारा ने कहा, "यह समझौता दोनों देशों के बीच एक रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देगा, ताकि इससे लाभकारी सम्बंध विकसित हों और वृद्धि हासिल की जा सके।" शर्मा ने कहा कि यह समझौता हमारे आर्थिक सहयोग - व्यापार एवं निवेश- दोनों को बढ़ावा देने के लिए एक समग्र ढाचा मुहैया कराएगा, जो भारत एवं जापान दोनों के लिए लाभकारी होगा। शर्मा ने कहा, "हमने यह समझा है कि यह समझौता आर्थिक आदान-प्रदान के एक नए युग का सूत्रपात करेगा, जिससे हमारे दोनों देशों में विकास, नवाचार और समृद्धि होगी।" जापानी सरकार ने कहा है कि इस समझौते के तहत भारत को होने वाले 90 प्रतिशत जापानी निर्यात पर से, जैसे कि ऑटो पार्ट्स एवं बिजली के उपकरण, और भारत से होने वाले 97 प्रतिशत आयात पर से 2021 तक टैरिफ समाप्त हो जाएगा। भारत से आयात होने वाले सामानों में कृषि एवं मत्स्य उत्पाद शामिल होंगे।  दोनों देश जनवरी 2007 से ही बातचीत कर रहे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com