खास बातें
- छह ढांचागत उद्योगों में कच्चा तेल, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद, कोयला, बिजली, सीमेंट और तैयार इस्पात आते हैं।
नई दिल्ली: देश के छह आधारभूत उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी माह में 6.8 प्रतिशत रही है। माह के दौरान कच्चे तेल, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद और तैयार इस्पात क्षेत्र में उत्पादन में अच्छी खासी वृद्धि रही। छह ढांचागत उद्योगों में कच्चा तेल, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद, कोयला, बिजली, सीमेंट और तैयार इस्पात आते हैं। फरवरी, 2010 में आधारभूत उद्योगों की वृद्धि दर 4.2 प्रतिशत रही थी। इसी तरह, जनवरी, 2011 में आधारभूत उद्योगों की वृद्धि दर 7.1 फीसद रही थी। देश के कुल औद्योगिक उत्पादन में आधारभूत उद्योगों का हिस्सा 26.68 प्रतिशत है। फरवरी, 2011 में पेट्रोलियम रिफाइनरी तथा कच्चे तेल का उत्पादन एक वर्ष पूर्व इसी माह के स्तर से क्रमश: 3.2 प्रतिशत और 12.2 फीसद बढ़ा। पिछले साल फरवरी में पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन में 0.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि कच्चे तेल का उत्पादन चार फीसद बढ़ा था। आंकड़ों के अनुसार, माह के दौरान बिजली उत्पादन में 7.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि फरवरी, 2010 में इस क्षेत्र की वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रही थी। तैयार इस्पात का उत्पादन माह के दौरान 11.5 प्रतिशत बढ़ा, जबकि पिछले साल फरवरी में इसके उत्पादन में 0.2 प्रतिशत की गिरावट आई थी। हालांकि, माह के दौरान कोयला उत्पादन में 5.7 प्रतिशत की गिरावट आई। पिछले साल फरवरी में कोयला उत्पादन 6.7 फीसद बढ़ा था। माह के दौरान सीमेंट उत्पादन की वृद्धि दर घटकर 6.5 प्रतिशत रह गई। फरवरी, 2010 में सीमेंट उत्पादन 7.9 फीसद बढ़ा था। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह अप्रैल से फरवरी में छह आधारभूत उद्योगों की वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत रही है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 5.4 फीसद रहा था।