खास बातें
- कंपनी का कहना है कि दोनों देशों के बीच वायु सेवा समझौते के तहत जितनी उड़ानों की मंजूरी है, उस लिहाज से अभी इस मार्ग का पूर्ण दोहन नहीं हुआ है।
सिंगापुर: किफायती दर पर विमान सेवा देने वाली घरेलू कंपनी इंडिगो सिंगापुर के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाएगी। कंपनी का कहना है कि दोनों देशों के बीच वायु सेवा समझौते के तहत जितनी उड़ानों की मंजूरी है, उस लिहाज से अभी इस मार्ग का पूर्ण दोहन नहीं हुआ है। इंडिगो के अध्यक्ष आदित्य घोष ने कहा कि फिलहाल भारतीय पक्ष समझौते के तहत मिली अनुमति के मुकाबले 50 प्रतिशत उड़ानों का उपयोग कर रहा है। ऐसे में उड़ानों की संख्या बढ़ाने की काफी संभावना है। उन्होंने कहा, लेकिन हमें उम्मीद है कि स्थिति अब बदलेगी और हम उड़ान बढ़ाएंगे। इंडिगो ने 15 सितंबर को सिंगापुर के लिए सस्ती विमान सेवा शुरू की है। घोष ने कहा दिल्ली-सिंगापुर तथा मुंबई-हैदराबाद के अलावा हमारी अगले छह से आठ महीने में हैदराबाद तथा चेन्नई को भी सिंगापुर से जोड़ने की योजना है। इसके बाद हम इस सूची में कोलकाता को भी शामिल करेंगे। इंडिगो देश के 26 शहरों में अपनी सेवा दे रही है और उसकी इन सभी को सिंगापुर से जोड़ने की योजना है। घोष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर विस्तार की भी योजना है। इसके तहत वह जेद्दा तथा ढाका के लिए उड़ान सेवा शुरू करेगी। हाल ही में इंडिगो ने दुबई और बैंकाक के लिए उड़ान सेवा शुरू की है।