खास बातें
- इसरो के पूर्व चेयरमैन के.कस्तूरीरंगन ने कहा कि अर्थव्यवस्था का आकार अगले दो-तीन साल में बढ़कर 1,800 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा।
कोयंबटूर: इसरो के पूर्व चेयरमैन एवं योजना आयोग के सदस्य के.कस्तूरीरंगन ने कहा कि अगर भारत 9 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर पर टिका रहा तो 2020 तक भारतीय अर्थव्यवस्था 6,000 अरब डॉलर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार अगले दो-तीन साल में बढ़कर 1,800 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा। अगर मौजूदा अनुमान जो कि उचित एवं वास्तविक है फलीभूत होता है तो भारत एक विश्व शक्ति बनने की दिशा में है।कस्तूरीरंगन ने कहा, अगर हम करीब नौ प्रतिशत की मौजूदा वृद्धि दर बरकरार रख पाते हैं तो वर्तमान दशक के अंत यानी 2020 तक अर्थव्यवस्था के 6,000 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है जिसमें प्रति व्यक्ति जीडीपी मौजूदा 1,500 डॉलर से बढ़कर 4,500 डॉलर को पार कर जाएगी। कुमारंगुरु कालेज ऑफ टेक्नालाजी में स्नातक दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा यदि सभी कुछ ठीकठाक रहा तो 2025 तक अर्थव्यवस्था 9,000 से 10,000 अरब डॉलर तक भी पहुंच सकती है और प्रति व्यक्ति आय इस दौरान 6,000 डॉलर हो जायेगी।भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के बारे में उन्होंने कहा कि इस संस्था की स्थापना के समय से ही इसकी सफलता के पीछे जो राज रहा है वह है एकजुट होकर काम करना। टीमवर्क का ही नतीजा है कि आज दुनियाभर में अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत के पहचान बढ़ी है।