खास बातें
- एचडीएफसी बैंक के 1.15 करोड़ डेबिट कार्डधारक अब बैंक के एटीएम से आयकर चुका सकेंगे।
नई दिल्ली: निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक ने एटीएम के जरिये आयकर भुगतान की सेवा शुरू की है। एचडीएफसी बैंक के 1.15 करोड़ डेबिट कार्डधारक अब बैंक के एटीएम से आयकर चुका सकेंगे। बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया है, इस सुविधा के साथ बैंक के ग्राहकों को अब काउंटर पर लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी और न ही उन्हें आयकर भुगतान के लिए इंटरनेट पर लॉग इन करने की जरूरत होगी। बैंक की डियर पार्क शाखा में महालेखा नियंत्रक सी आर सुंदरमूर्ति ने इस सेवा का शुभारंभ किया। देश के 1,111 शहरों में 5,998 एचडीएफसी एटीएम के जरिए 1.15 करोड़ डेबिट कार्डधारक इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। बयान में कहा गया है कि सेवा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को अपना पंजीकरण कराना होगा और उन्हें तत्काल एटीएम से भुगतान का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।