यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सरकार ने सोना और चांदी के शुल्क मूल्य में कटौती की

नई दिल्ली:

सरकार ने सोना तथा चांदी के आयात के लिए शुल्क मूल्य कम कर दिया है। सोने का शुल्क मूल्य घटाकर 418 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी का शुल्क मूल्य 699 डॉलर प्रति किलो कर दिया गया है।

इससे पहले सोने का शुल्क मूल्य 436 डॉलर प्रति 10 ग्राम तथा चांदी के मामले में 702 डॉलर प्रति किलो था। आयात शुल्क मूल्य वह दर है, जिसके आधार पर सीमा शुल्क लगाया जाता है। इसका मकसद बाहर से मूल्यवान धातु लाने वाले को कम बिल दिखाने से रोकना है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्रीय उत्पाद और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है और 2012 में उसने करीब 860 टन कोयले का आयात किया था। सरकार ने सोने के आयात को कम करने के लिए सीमा शुल्क बढ़ाये जाने समेत कई कदम उठाए हैं।

सरकार ने पीतल के कतरन के मामले में आयात शुल्क मूल्य 3,860 डॉलर प्रति टन से बढ़ाकर 3,933 डॉलर प्रति टन कर दिया है।

कच्चे पाम तेल का शुल्क मूल्य 809 डॉलर प्रति टन से बढ़ाकर 811 डॉलर प्रति टन जबकि आरबीडी पाम ऑयल के लिए आयात शुल्क मूल्य 862 डॉलर प्रति टन बरकरार रखा गया है।

कच्चे पामोलीन का शुल्क मूल्य कम कर 866 डॉलर प्रति टन कर दिया गया है, जो इससे पहले 883 डॉलर प्रति टन था। वहीं आरबीडी पामोलीन के मामले में आयात शुल्क मूल्य कम कर 869 डॉलर प्रति टन किया गया, जो इससे पूर्व 886 डॉलर प्रति टन था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कच्चा सोयाबीन तेल का आयात शुल्क मूल्य कम कर 952 डालर प्रति टन कर दिया गया है, जो पूर्व में 966 डॉलर प्रति टन था।