यह ख़बर 30 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

गूगल ने आईबीएम के एक हजार से अधिक पेटेंट खरीदे

खास बातें

  • गूगल ने आईबीएम से 1,000 से अधिक पेटेंट खरीद लिए हैं। पिछले महीने गूगल नॉर्टेल के पेटेंट के खजाने को खरीदने में विफल हो गई थी।
न्यूयॉर्क:

इंटरनेट सर्च इंजन कम्पनी गूगल ने आईबीएम से 1,000 से अधिक पेटेंट खरीद लिए हैं। पिछले महीने गूगल नॉर्टेल के पेटेंट के खजाने को खरीदने में विफल हो गई थी। इस नई खरीददारी से गूगल के बौद्धिक सम्पदा खजाने में इजाफा होगा, जिसमें फिलहाल मात्र 700 पेटेंट हैं। नॉर्टेल के पेटेंट न मिल पाना गूगल के लिए एक बड़ा झटका था, क्योंकि गूगल इसके पेटेंट के खजाने के लिए कोई भी कीमत अदा करने को तैयार थी। चूंकि नॉर्टेल द्वारा पेटेंट कराई गई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल गूगल एंड्रायड स्मार्ट फोन में भी होता है, लिहाजा एप्पल के नेतृत्व वाले इस संयुक्त उपक्रम ने न केवल रॉयल्टी हासिल करने के लिए इस प्रौद्योगिकी के लाइसेंस जारी करने का अधिकार हासिल कर लिया है, बल्कि खरबों डॉलर के प्रौद्योगिकी बाजार में गूगल की तुलना में अपनी पहुंच भी बढ़ा ली है। चूंकि गूगल पर 45 से अधिक पेटेंट सम्बंधी कानूनी याचिकाएं दायर की गई हैं, लिहाजा वह भविष्य में ऐसे मुकदमों से बचने के लिए अपने पेटेंट बैंक पर ध्यान केंद्रित कर रही है। गूगल ने आईबीएम के पेटेंट्स के लिए किए गए भुगतान की राशि की पुष्टि करने से इनकार कर दिया है। समाचार पत्र, 'एलए टाइम्स' ने गूगल के एक प्रवक्ता के हवाले से शुक्रवार को कहा, तमाम प्रौद्योगिकी कम्पनियों की तरह हम भी अपनी कारोबारी जरूरतों के लिए प्रासंगिक पेटेंट्स खरीदेंगे। खराब सॉफ्टवेयर के पेटेंट सम्बंधी मुकदमा एक बेकार की लड़ाई है, जिसमें किसी की जीत नहीं होने वाली है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com