खास बातें
- सोने और चांदी की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि के कारण दोनों महंगी धातुएं हाल के दिनों में निवेश के भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभरी हैं।
मुम्बई: सोने और चांदी की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि के कारण दोनों महंगी धातुएं हाल के दिनों में निवेश के भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभरी हैं। मुम्बई में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतें अब तक के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गई थीं। मुम्बई सर्राफा संघ के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को शुद्ध सोने का भाव 21,225 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी ने भी 54,970 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना अप्रैल वायदा का भाव पिछले एक महीने में 828 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गया है, वहीं चांदी मई वायदा के भाव में पिछले एक महीने में 8,537 रुपये प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है। सोमवार को सोना अप्रैल वायदा का भाव 21,098 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी मई वायदा का भाव 53,417 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ। मंगलवार को चांदी मई वायदा में 53,950 रुपये प्रति किलो के ऊपरी स्तर और 53,210 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर के बीच कारोबार हुआ। वहीं सोने के अप्रैल वायदा में सोमवार के मुकाबले मंगलवार को मामूली गिरावट देखी गई। इसमें 21,097 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपरी और 20,995 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर के बीच कारोबार हुआ।