खास बातें
- लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए 26,840 रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए।
New Delhi: स्टॉकिस्टों और निवेशकों की लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए गुरुवार को 26,840 रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई को छू गए। सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 160 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 26,840 रुपये और 26,720 रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर बंद हुए। गिन्नी के भाव 200 रुपये चढ़कर 21,300 रुपये प्रति आठ ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। बाजार सूत्रों के अनुसार अमेरिका और यूरोप में ऋण संकट गहराने तथा इससे आर्थिक वृद्धि प्रभावित होने की आशंका के कारण वैश्विक बाजार में सोने में लगातार चौथे दिन तेजी का रुख जारी रहा और इसके भाव चढ़कर 1795.85 डॉलर प्रति औंस तक जा पहुंचे। उन्होंने बताया कि वायदा बाजार में मजबूती के रुख का असर भी बाजार धारणा पर पड़ा। सटोरियों और औद्योगिक इकाइयों की लिवाली के चलते चांदी के भाव भी 61,300 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचे। चांदी तैयार के भाव 600 रुपये चढ़कर 61,300 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 720 रुपये की तेजी के साथ 60,770 रुपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 1500 रुपये की तेजी के साथ 68,500-69,500 रुपये प्रति सैकड़ा बंद हुए।