यह ख़बर 24 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

धनतेरस पर सोने की बिक्री बढ़ी पर पहले जैसी बात नहीं

खास बातें

  • सोने के अधिक मूल्य के बावजूद धनतेरस के दिन सोमवार को आभूषण निर्माताओं के दुकानों में सोने की बिक्री में वृद्धि देखी गई।
नई दिल्ली:

सोने के अधिक मूल्य के बावजूद धनतेरस के दिन सोमवार को आभूषण निर्माताओं के दुकानों में सोने की बिक्री में वृद्धि देखी गई। पीसी ज्वैलर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक बलराम गर्ग ने कहा, "दिन की शुरुआत अच्छी रही और बिक्री अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक है।" हाजिर बाजार में सोने की कीमत दिल्ली में प्रति 10 ग्राम 27,000 रुपये और मुम्बई में 27,200 रुपये के आसपास देखी गई। गर्ग के मुताबिक सोमवार को साल के किसी भी अन्य दिन की अपेक्षा 20 से 25 फीसदी अधिक बिक्री होगी। दिल्ली के चांदनी चौक के निकट दरीबा कलां क्षेत्र के गहना निर्माताओं ने कहा कि धनतेरस के दिन सोने की खरीदारी को शुभ माना जाता है। लोग पहले के मुकाबले हालांकि कम खरीदारी कर रहे हैं, फिर भी बिक्री की रफ्तार अन्य दिनों से बेहतर है। पुरानी दिल्ली के विपुल ज्वैलर्स के प्रवीण वर्मा ने कहा, "बिक्री अच्छी है। लोग सोना खरीद रहे हैं, लेकिन अधिक कीमत के कारण कम मात्रा में खरीद रहे हैं।" उन्होंने कहा, "पहले यदि लोग 20 ग्राम के सोने के सिक्के खरीदते थे, तो इस बार वे 10 या पांच ग्राम खरीद रहे हैं, लेकिन फिर भी खरीद रहे हैं।" एंजल ब्रोकिंग के वरिष्ठ विश्लेषक (अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी और मुद्रा) रेना वालिया ने भी कहा, "खरीदार चौकस हैं। अधिक कीमत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी आर्थिक अनिश्चितता के कारण वे कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि त्योहार के मौसम में हालांकि सोने की खरीदारी में वृद्धि हुई है, फिर भी बाजार में अभी भी उत्साह की कमी है। वालिया ने कहा कि तीसरी तिमाही में आम तौर पर अधिक बिक्री होती है, लेकिन इस बार बिक्री के कम ही रहने की सम्भावना है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com