खास बातें
- दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने के दाम 950 रुपये की तेजी के साथ एक बार फिर 28,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गए।
New Delhi: वैश्विक बाजार में तेजी के रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने के दाम 950 रुपये की तेजी के साथ एक बार फिर 28,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गए। चांदी में भी 2100 रुपये का उछाल दर्ज किया गया। तीन दिनों से लगातार गिरावट के बाद दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव 950 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी के साथ 28,090 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। सूत्रों ने बताया कि 19 अगस्त के बाद किसी एक दिन के दौरान यह दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी रही। 19 अगस्त को सोने में 1,310 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आई थी। बाजार में चांदी भी 2,100 रुपये की वृद्धि के साथ 64,600 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए। पिछले तीन सत्रों के दौरान चांदी में 3,800 रुपये प्रति किलो एवं सोने में 1,400 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई थी। अमेरिका के फेडरल रिजर्व बैंक द्वारा अमेरिकी अर्थव्यवस्था में और प्रोत्साहन पैकेज नहीं दिए जाने की घोषणा के बाद विदेशी बाजार में तेजी का रुख रहा, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी देखा गया। वैश्विक बाजार में सोने के भाव 57.80 डॉलर की तेजी के साथ 1,829.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए, जबकि चांदी 0.92 फीसदी बढ़कर 41.50 डॉलर प्रति औंस रही। घरेलू बाजार में 99.9 और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 950 रुपये बढ़कर क्रमश: 28,090 रुपये और 27,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसी प्रकार, गिन्नी के भाव भी 200 रुपये की तेजी की तेजी के साथ 22,400 रुपये प्रति आठ ग्राम की ऊंचाई पर बंद हुए। चांदी तैयार के भाव 2,100 रुपये की तेजी के साथ 64,600 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1810 रुपये चढ़कर 63,900 रुपये प्रति किलो पर बंद हुए। चांदी सिक्का 4,000 रुपये के उछाल के साथ लिवाली में 72,000 रुपये और बिकवाली में 73,000 प्रति सैकड़ा बंद हुए।