यह ख़बर 12 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अगले महीने से एसएमएस भेजकर बुक कराएं ट्रेन टिकट

खास बातें

  • आईआरसीटीसी 1 जुलाई से एसएमएस आधारित रेल टिकट बुकिंग शुरू करेगी और इसके लिए समर्पित एक नंबर की घोषणा जल्द की जाएगी।
नई दिल्ली:

जुलाई से आप एसएमएस भेजकर ट्रेन का टिकट बुक कर सकेंगे। भारत में बढ़ते मोबाइल फोन बाजार पर निगाह रख कर आईआरसीटीसी 1 जुलाई से एसएमएस आधारित रेल टिकट बुकिंग शुरू करेगी और इसके लिए समर्पित एक नंबर की घोषणा जल्द की जाएगी।

आईआरसीटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मोबाइल आधारित बुकिंग के तहत कहीं से भी और किसी भी समय टिकट बुक करने की आसान सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसी प्रिंटआउट की कोई आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि टिकटिंग संदेश को सफर के दौरान वैध माना जाएगा।

इसके तहत लोगों को अपना मोबाइल नंबर आईआरसीटीसी और साथ ही अपने बैंक में रजिस्टर कराना होगा। बैंक धनराशि के भुगतान प्राधिकृत करने के लिए एमएमआईडी (मोबाइल मनी आइडेंटीफायर) और ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) जारी करेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अधिकारी ने बताया कि एसएमएस बुकिंग बहुत आसान, है क्योंकि किसी यात्री को सिर्फ ट्रेन संख्या, गंतव्य, यात्रा तिथि, क्लास और नाम, उम्र, एवं लिंग जैसे यात्री विवरण अपने एसएमएस बॉक्स में टाइप करना है। उन्होंने बताया कि उसे ट्रांजैक्शन आईडी मिलेगा और उसके बाद वह एक दूसरे एसएमएस से भुगतान करेगा।