नई दिल्ली:
देश में जुलाई-सितंबर तिमाही में फीचर फोनों की बिक्री 0.8 प्रतिशत घटकर 5.18 करोड़ इकाई रह गई। पहली बार फीचर फोनों की बिक्री में गिरावट आई है, जो इस बात का संकेत है कि स्मार्टफोन का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है।
साइबर मीडिया रिसर्च की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार जुलाई-सितंबर में मोबाइल हैंडसेट की बिक्री 10.9 प्रतिशत बढ़कर 6.29 करोड़ इकाई पर पहुंच गई। स्मार्टफोन की बिक्री में आई 152.3 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी से कुल हैंडसेट बिक्री बढ़ी है।
दूसरी ओर, सालाना आधार पर फीचर फोनों की बिक्री 0.8 प्रतिशत घट गई। 2013 की तीसरी तिमाही में कुल मोबाइल फोन बिक्री में 5.18 करोड़ फीचर फोन व 1.11 करोड़ स्मार्टफोन रहे।
सीएमआर टेलीकॉम्स प्रैक्टिस के लीड विश्लेषक फैजल कावूसा ने कहा, हम कह रहे हैं कि स्मार्टफोन तेजी से आगे बढ़ेंगे, जुलाई-सितंबर की तिमाही के आंकड़े यही दर्शाते हैं। ऐसे में वेंडर स्मार्टफोन बाजार में बड़े अवसरों की उम्मीद कर सकते हैं।